शिक्षण संस्थान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

किसान मेल | उन्नाव
ब्यूरोचीफ — ऋषभतिवारी
कैमरे और डीवीआर तोड़कर की थी चोरी, मोबाइल व 2200 रुपये बरामद; दो साथियों के नाम सामने आए
सदर कोतवाली क्षेत्र की कांशीराम नई बस्ती स्थित निशुल्क शिक्षण संस्थान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात में दो अन्य साथियों के शामिल होने की बात बताई है।
जानकारी के अनुसार मौहारी बाग सिविल लाइंस निवासी उदयकांत वाजपेयी ने छह जून को सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि निशुल्क शिक्षण संस्थान का ताला तोड़कर चोरी की गई है। चोर संस्थान से कैमरे, डीवीआर, आभूषण, नकदी, जरूरी कागजात, एटीएम कार्ड और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान ले गए थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी।
शनिवार को दरोगा सभाजीत सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ कांशीराम सुधापुरम मोड़ के पास संदिग्ध लोगों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी पहचान आकाश पुत्र रामशरन सविता निवासी देवगांव, थाना सफीपुर, हाल निवासी पूरननगर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर शिक्षण संस्थान में चोरी करने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक वारदात के दौरान आरोपियों ने संस्थान में लगे कैमरों और डीवीआर को तोड़ दिया था और बाद में उन्हें नष्ट कर दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया मोबाइल फोन और 2200 रुपये बरामद किए। वहीं चोरी से संबंधित कुछ दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी के ई-रिक्शा को भी सीज कर दिया।
पुलिस ने मामले में चोरी से संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपी द्वारा बताए गए दोनों अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है और चोरी के शेष सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।



