उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में जमीन पर खेती करने से रोकने और मारपीट का आरोप, महिला ने लगाई न्याय की गुहार

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

उन्नाव। अचलगंज थाना क्षेत्र के पोचारा सराय गांव निवासी एक महिला ने अपने ही परिवार के कुछ लोगों पर पैतृक जमीन पर खेती करने से रोकने, घर में घुसकर मारपीट करने और गाली-गलौज कर अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने अधिकारियों से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

पीड़िता संगीता पत्नी फूल यादव के अनुसार, उसका पति विदेश में रहता है और वह गांव में अकेले रहती है। महिला का कहना है कि वह कई वर्षों से अपने हिस्से की कृषि भूमि पर जोताई-बुआई कर खेती करती आ रही है, लेकिन परिवार के कुछ लोग उसकी जमीन पर खेती करने में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं।

आरोप है कि विरोध करने पर उक्त लोग उसके घर में जबरन घुस आए और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उसे झूठे मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई।

महिला ने बताया कि उसने 1 अक्टूबर 2026 को संबंधित थाने में भी प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पीड़िता का आरोप है कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह डरी हुई है।

महिला ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने, निष्पक्ष जांच कराने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button