आर्थिकउत्तर प्रदेशलखीमपुर

कुंभी चीनी मिल में देश के पहले बायोप्लास्टिक प्लांट के उद्घाटन की तैयारी तेज, पीएम मोदी के आगमन की अटकलें

हिंदी दैनिक किसान मेल
ब्यूरो रिपोर्ट, लखीमपुर खीरी
संवाददाता: अकबर अली
लखीमपुर खीरी। जिले की कुंभी चीनी मिल परिसर में स्थापित हो रहे देश के पहले बायोप्लास्टिक प्लांट के लोकार्पण की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। प्रशासनिक और स्थानीय गलियारों में इस बात की जोरदार चर्चा है कि इस ऐतिहासिक प्लांट के उद्घाटन समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हो सकते हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता बढ़ गई है और आईबी (इंटेलिजेंस ब्यूरो) की टीम ने संभावित उद्घाटन स्थल का बारीकी से निरीक्षण भी किया है। भव्य कार्यक्रम और सुरक्षा व्यवस्थाओं के मद्देनजर मिल के आसपास करीब 10 एकड़ खेत खाली कराए जा रहे हैं, ताकि हेलीपैड, पार्किंग और जनसभा स्थल के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।
हालांकि, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे, मुख्य अतिथि और उद्घाटन की अंतिम तिथि को लेकर शासन या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर चल रही तैयारियों को देखते हुए जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है।
किसानों और स्थानीय लोगों में भी इस प्रोजेक्ट को लेकर खासा उत्साह है, क्योंकि गन्ने से बनने वाले बायोप्लास्टिक प्लांट के शुरू होने से क्षेत्र के विकास और गन्ना किसानों की आय में वृद्धि की नई उम्मीदें जगी हैं। अब सबकी निगाहें आधिकारिक कार्यक्रम जारी होने पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button