लखनऊ के बहुचर्चित होटल कांड में नया मोड़: जेल के बाथरूम में लटका मिला आरोपी अवनीश जायसवाल का शव

हिंदी दैनिक किसान मेल
ब्यूरो रिपोर्ट, लखनऊ
संवाददाता: अकबर अली
लखनऊ के बहुचर्चित होटल कांड में नया मोड़: जेल के बाथरूम में लटका मिला आरोपी अवनीश जायसवाल का शव
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित एक निजी होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय युवती की मौत के बहुचर्चित मामले में गुरुवार सुबह एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। इस मामले में जेल में बंद मुख्य आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव (28) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव लखनऊ जेल के बाथरूम के भीतर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर विधिक व पंचायती कार्रवाई शुरू कर दी है।
15 अक्टूबर को किया था कोर्ट में सरेंडर
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विगत 12 अक्टूबर को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित ओमेक्स हजरतगंज की बिल्डिंग में संचालित ‘होटल सेलेस्टियल मैन्योर’ की 10वीं मंजिल (कमरा नंबर-1037) से गिरकर समरीन (24) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी। जांच में सामने आया था कि अवनीश और समरीन दोपहर करीब 12:00 बजे साथ में होटल पहुंचे थे और शाम करीब 6:00 बजे समरीन बालकनी से नीचे गिर गई थीं। घटना के तुरंत बाद अवनीश लिफ्ट से नीचे उतरकर पार्किंग से अपनी बाइक लेकर फरार हो गया था। पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज किए जाने के तीन दिन बाद, 15 अक्टूबर को अवनीश ने एसीजेएम (ACJM) कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था और तब से वह न्यायिक हिरासत में जेल में निरुद्ध था।
मां ने लगाया था शादी का दबाव बनाने और धक्का देने का आरोप
मृतका समरीन लखनऊ की रहने वाली थीं और एक होटल में कार्यरत थीं। वे विवाहित थीं, हालांकि उनका अपने पति से तलाक का मुकदमा अदालत में विचाराधीन था। पांच बहनों और दो भाइयों में तीसरे नंबर की समरीन अपनी मां सूफिया बानो और बहनों के साथ रहती थीं, जबकि उनके दोनों भाई इमरान (सऊदी अरब) और आमिर (ओमान) में कार्यरत हैं। मामले में समरीन की मां सूफिया बानो ने पुलिस को दी तहरीर में गंभीर आरोप लगाया था कि अवनीश उनकी बेटी पर शादी का दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन वह समरीन को अकबरी गेट से बहला-फुसलाकर होटल ले गया था, जहां विरोध करने पर उसने 10वीं मंजिल से धक्का देकर उसकी हत्या कर दी।
अंबेडकरनगर का निवासी था मृतक आरोपी
पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया था कि 28 वर्षीय अवनीश जायसवाल मूल रूप से अंबेडकरनगर जिले के अकबरपुर का निवासी था। वहां टांडा रोड ओवरब्रिज के पास उसके परिवार की ‘भूषण मशीनरी स्टोर’ नाम से दुकान है, जिस पर उसके पिता संतलाल जायसवाल बैठते हैं। फिलहाल, जेल के भीतर हुई इस संदिग्ध मौत को लेकर पुलिस और जेल प्रशासन द्वारा पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है।




