उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

फतेहपुर: एक लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; साथी समेत दो घायल

फतेहपुर। हथगांव थाना क्षेत्र के पट्टीशाह गांव में सोमवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। धोबी तालाब के किनारे स्थित बाग में हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक लाख रुपये का इनामी हिस्ट्रीशीटर रियाज कुरैशी और उसका साथी इसरार कुरैशी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के मुताबिक, 7/8 सितंबर की रात हथगांव पुलिस को गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित आरोपियों के पट्टीशाह गांव के पास मौजूद होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने धोबी तालाब के किनारे बाग में घेराबंदी की।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान रियाज कुरैशी के दाहिने पैर और इसरार कुरैशी के बाएं पैर में गोली लगी। दोनों के घायल होने के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अस्पताल भेज दिया।

भाग रहे तीन आरोपी भी दबोचे

मुठभेड़ के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर भागने का प्रयास कर रहे तीन आरोपियों को भी पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शंकर साहू निवासी पट्टीशाह, रेहान उर्फ छोटू निवासी बाकरगंज और हनीफ निवासी पीरनपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने मौके और आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस और दो खोखे, एक चोरी की मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल की गई एक अन्य बाइक बरामद करने का दावा किया है।

इसके अलावा पुलिस के अनुसार मौके से लोहे का चापड़, दो लोहे के चाकू, लकड़ी का चौकोर ठीहा, पीले रंग की त्रिपाल, तीन रस्सियां/डोरियां और काली पॉलीथीन का पैकेट भी बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से एक जीवित गोवंश बरामद किए जाने की भी जानकारी दी है।

रियाज पर 33 से अधिक मुकदमे दर्ज होने का दावा

पुलिस के अनुसार घायल रियाज कुरैशी हथगांव थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उसके खिलाफ विभिन्न थानों और अन्य जनपदों में 33 से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है।

वहीं, उसके साथी इसरार कुरैशी के खिलाफ भी 15 से अधिक अभियोग पंजीकृत होने की बात पुलिस ने बताई है।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पट्टीशाह और आसपास के इलाके में देर रात हुई गोलीबारी को लेकर काफी चर्चा रही।

Related Articles

Back to top button