उन्नाव: फैक्ट्री में पुलिस ने लगाई महिला सुरक्षा चौपाल, कर्मचारियों को हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर उन्नाव पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मगरवारा क्षेत्र स्थित महावीर स्पिन फेब प्राइवेट लिमिटेड में पुलिस टीम ने चौपाल आयोजित कर महिला एवं पुरुष कर्मचारियों को महिला सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और सीओ सिटी विनी सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक रेखा सिंह की अध्यक्षता में महिला थाना एवं कोतवाली सदर पुलिस की टीम ने कर्मचारियों से संवाद किया।
चौपाल के दौरान कर्मचारियों को शासन द्वारा संचालित महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों और पुलिस सहायता की जानकारी दी गई। महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी तरह की परेशानी, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन परिवार परामर्श समिति के प्रभारी डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने किया। पुलिस टीम ने महिलाओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की और उन्हें किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस तक पहुंचाने की अपील की।
फैक्ट्री मैनेजर विशाल भारद्वाज के सहयोग से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने चौपाल में हिस्सा लिया। पुलिस की ओर से चलाए गए जागरूकता कार्यक्रम को लेकर कर्मचारियों में उत्साह नजर आया और उन्होंने पुलिस टीम का आभार जताया।
उन्नाव पुलिस की ओर से महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण को लेकर ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रखने की बात कही गई।



