1.88 करोड़ रुपये के बकाये को लेकर व्यापारी ने दी तहरीर, फैक्टरी मालिक और बेटे पर धमकी का आरोप

संवाददाता — सचिन पांडे , Kisan Mail News
उन्नाव। शहर के एक व्यापारी ने पान मसाला फैक्टरी पर करीब 1.88 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। व्यापारी का आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर उसे धमकी दी गई और भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बैंक में लगाने पर फर्जी पाए गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर निवासी व्यापारी धर्मेंद्र के मुताबिक वह वर्ष 2018 से मगरवारा के नेहरूबाग स्थित एक पान मसाला फैक्टरी में सुपाड़ी, कत्था, चूना समेत अन्य कच्चा माल सप्लाई करता था। शुरुआत में फैक्टरी की ओर से भुगतान नकद किया जाता था, लेकिन वर्ष 2019 से माल उधार लिया जाने लगा।
व्यापारी के अनुसार अगस्त 2020 तक कारोबार चलता रहा। इसके बाद फैक्टरी मालिक के जेल जाने और उनके बेटे द्वारा कारोबार संभालने के बाद मार्च 2021 में फैक्टरी बंद हो गई। इसके चलते व्यापारी की करीब 1.88 करोड़ रुपये की रकम फंस गई।
शिकायत के अनुसार वर्ष 2024 में भुगतान के लिए चेक दिए गए, लेकिन बैंक में लगाने पर उनके फर्जी होने की जानकारी मिली। व्यापारी का आरोप है कि शिकायत करने के बाद 8 जुलाई 2026 को फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।



