करियर काउंसलिंग में 167 छात्र-छात्राओं को बताए रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं के विकल्प

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। एबी नगर स्थित संगम शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में सेवायोजन विभाग की ओर से करियर काउंसलिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 167 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में सहायक सेवायोजन अधिकारी आस्था सिन्हा ने विद्यार्थियों को उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार करियर का चयन करने के लिए मार्गदर्शन दिया। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विषय विशेषज्ञ अनुपम सिंह ने भी विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की दी जानकारी
विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षा के विभिन्न चरणों और उसकी तैयारी की रणनीति के बारे में विस्तार से बताया गया। इंटरमीडिएट के बाद एनडीए, सीडीएस, पुलिस, रेलवे और बैंकिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से सही समय पर अपने करियर का लक्ष्य निर्धारित कर उसके अनुरूप तैयारी शुरू करने का आह्वान किया। साथ ही सेवायोजन पोर्टल पर पंजीकरण कर रोजगार से संबंधित अवसरों की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित निःशुल्क कोचिंग का लाभ लेने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी भी विद्यार्थियों को दी गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूर्णिमा शुक्ला और प्रबंधक निशांत शुक्ला ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


