सेवा संकल्प अभियान के तहत कानपुर में 157 घंटे का विशेष सफाई अभियान शुरू

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर नगर निगम कानपुर की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 157 घंटे के अनवरत विशेष सफाई अभियान का शुभारंभ किया गया। महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के निर्देशन में शुरू हुए अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर महापौर और नगर आयुक्त के साथ नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अपर नगर आयुक्त समेत संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। विशेष सफाई अभियान के तहत जोन-6 में बगिया क्रॉसिंग से मामा तालाब तक मुख्य मार्ग पर सफाई कराई गई।
सफाई अभियान में करीब 50 कर्मचारियों को लगाया गया। इसके अलावा सफाई कार्य के लिए एक बॉबकैट, दो टाटा एस, एक जेसीबी और दो कूड़ा डंपर वाहनों का इस्तेमाल किया गया।
अभियान के दौरान महापौर प्रमिला पांडेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे प्रत्येक नागरिक की दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सुरक्षात्मक उपकरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई के दौरान एकत्र होने वाले कूड़े का समय से उठान सुनिश्चित करने को कहा।
महापौर प्रमिला पांडेय ने बताया कि विशेष सफाई अभियान 2 अक्टूबर, गांधी जयंती तक लगातार जारी रहेगा।



