उन्नाव में जलभराव की समस्या का विधायक पंकज गुप्ता ने लिया जायजा

संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News
उन्नाव। विकासखंड सिकंदरपुर सरोसी क्षेत्र के अलमोना और प्यारेपुर गांव में जलभराव की समस्या को लेकर सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। विधायक ने जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं व जरूरतों की जानकारी ली।
ग्रामीणों ने जलभराव के कारण हो रही परेशानियों से विधायक को अवगत कराया। इस पर विधायक ने प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत और सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
विधायक ने अधिकारियों को जल्द से जल्द समुचित जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विभागीय अधिकारियों को मौके पर रहकर स्थिति की लगातार निगरानी करने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि ग्रामीणों को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कार्रवाई तत्काल सुनिश्चित की जाए। जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत और जल निकासी को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।



