उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में एंटी रोमियो टीम का सघन चेकिंग अभियान, छात्राओं से लिया सुरक्षा फीडबैक

संवाददाता — सचिन पांडेय

उन्नाव। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो टीम ने सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उपनिरीक्षक मीना के नेतृत्व में शक्ति मोबाइल टीम ने निराला पार्क, स्टेशन रोड और विभिन्न कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण किया।

टीम ने कमला भवन स्थित कोचिंग सेंटरों में पहुंचकर प्रबंधकों एवं छात्राओं से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बातचीत की और सुरक्षा संबंधी फीडबैक लिया। छात्राओं को शासन द्वारा जारी महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए जागरूक किया गया।

इसके बाद टीम ने निराला पार्क में चेकिंग अभियान चलाया। यहां दो युगलों सहित बिना किसी काम के बैठे युवकों को पुलिस ने कड़ी हिदायत दी और सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखने को कहा। पुलिस ने संबंधित युगलों के परिजनों से फोन पर बातचीत कर भी सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखने की अपील की।

अभियान के दौरान महिला आरक्षी करिश्मा और साधना ने युवतियों से संवाद कर उनकी सुरक्षा से जुड़ी जानकारी साझा की। वहीं श्याम कुमारी सेठ विद्यालय में भी एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी और जागरूकता संबंधी पंपलेट वितरित किए।

एंटी रोमियो टीम ने बताया कि महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। शिक्षण संस्थानों, कोचिंग सेंटरों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की निगरानी आगे भी जारी रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button