मिशन शक्ति: सफीपुर तहसील में महिलाओं को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति किया जागरूक, हेल्प डेस्क लगाकर सुनीं समस्याएं

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत तहसील सफीपुर में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष पहल की गई। संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई।
संपूर्ण समाधान दिवस में एएसपी दक्षिणी शैलेन्द्र लाल और सीओ सफीपुर दीपक यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान तहसील परिसर में सफीपुर सर्किल के सभी थानों की ओर से महिला हेल्प डेस्क स्थापित की गईं। महिला पुलिसकर्मियों ने शिकायतकर्ताओं को महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। साथ ही शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के उपयोग के बारे में बताया गया। उन्हें समझाया गया कि जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं के माध्यम से सहायता कैसे प्राप्त की जा सकती है।
छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट और बेबी केयर उत्पाद भी वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सरकारी सहायता, सुरक्षा सेवाओं और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना रहा।
महिला सशक्तीकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के इस प्रयास की महिलाओं ने सराहना की। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है।



