उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में गंगा का बढ़ता जलस्तर, खतरे के निशान से महज 34 सेंटीमीटर दूर

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले के कटरी क्षेत्र में बाढ़ का खतरा गहराता जा रहा है। मंगलवार परियर में गंगा का जलस्तर 112.660 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 113 मीटर से केवल 34 सेंटीमीटर नीचे है। जलस्तर चेतावनी बिंदु से भी 66 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच चुका है।

पिछले पांच दिनों से लगातार बढ़ रहे पानी के कारण परियर क्षेत्र के कई गांवों में स्थिति बिगड़ने लगी है। चंडीबंगला, बाबूबंगला, कोलवा, पनपथा और ललतुपुरवा समेत कटरी क्षेत्र के गांवों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। खेतों में पानी भरने से किसानों की चिंता भी बढ़ी है और कई स्थानों पर पानी गांवों की आबादी के नजदीक पहुंच गया है।

उधर सफीपुर क्षेत्र में कल्याणी नदी का जलस्तर बढ़ने से जमालनगर गैर एहतमाली के पास नदी पर बने पुल से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। पानी बढ़ने के बावजूद लोग पुल से गुजर रहे हैं। आसपास की फसलों में भी पानी भरने लगा है।

प्रशासन ने बाढ़ की स्थिति पर निगरानी बढ़ा दी है। राहत चौकियों, कर्मचारियों और नाविकों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार स्थिति और बिगड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित राहत केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। 

Related Articles

Back to top button