करंट से श्रमिक की मौत के बाद फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा, पांच लाख के मुआवजे पर बनी सहमति
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
सोनिक, उन्नाव। दही चौकी औद्योगिक साइड-दो स्थित एक फैक्टरी में करंट की चपेट में आने से श्रमिक की मौत के बाद बुधवार को परिजनों ने फैक्टरी गेट पर शव रखकर हंगामा किया। परिजन आर्थिक सहायता और मुआवजे की मांग कर रहे थे।
अचलगंज थाना क्षेत्र के दरियाईखेड़ा गांव निवासी ओमप्रकाश (52) की मंगलवार को फैक्टरी में काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। परिजनों के मुताबिक ओमप्रकाश करीब 25 वर्षों से इसी लेदर फैक्टरी में काम कर रहे थे।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर फैक्टरी पहुंचे और गेट के बाहर रखकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने फैक्टरी प्रबंधन से भी बातचीत कराई।
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। फैक्टरी प्रबंधन ने मृतक की पत्नी सियादुलारी के नाम पांच लाख रुपये का चेक दिया। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।
समझौते में यह भी तय हुआ कि मृतक की मां और छोटी बहन को नियमानुसार पेंशन मिलेगी। इसके अलावा पीएफ की राशि भी अलग से दिए जाने की बात सामने आई।
फैक्टरी मैनेजर मकसूद लारी की मौजूदगी में समझौता हुआ। दही थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में आपसी समझौता हो गया, जिसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।



