पानी भरने को लेकर विवाद, पड़ोसी पर घर में घुसकर मारपीट और ईंट-पत्थर से हमला करने का आरोप

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में पानी भरने को लेकर हुए विवाद ने उस समय तूल पकड़ लिया, जब एक युवक ने पड़ोसी पर घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। पीड़ित का दावा है कि विरोध करने पर आरोपी ने ईंट-पत्थर से हमला कर उसे घायल कर दिया और बाद में जान से मारने की धमकी भी दी।
भेवली निवासी शोभित साहू पुत्र बाले साहू ने महाराजपुर थाने में तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के मुताबिक पानी भरने को लेकर पड़ोसी से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी विवाद के बाद पड़ोसी गाली-गलौज करते हुए उसके घर में घुस आया और मारपीट शुरू कर दी।
शोभित का आरोप है कि आरोपी ने ईंट-पत्थर से हमला किया, जिससे उसे चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से चला गया।
दोबारा मारपीट की धमकी देने का आरोप
पीड़ित का कहना है कि घटना के बाद भी आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दोबारा मारपीट करने और जान से मारने की धमकी दी। मामले की सूचना डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पीड़ित ने महाराजपुर पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



