स्वच्छता पखवाड़े में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा, चित्रकला-निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। स्वच्छता पखवाड़े के तहत औरास विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा में चित्रकला, निबंध और स्लोगन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया और अपनी रचनाओं के माध्यम से स्वच्छता के साथ पर्यावरण एवं जल संरक्षण का संदेश दिया।
चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों के जरिए पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने की जरूरत को दर्शाया। वहीं निबंध प्रतियोगिता का विषय ‘स्वच्छता आदत नहीं, जिम्मेदारी हमारी’ रखा गया, जिस पर विद्यार्थियों ने अपने विचार लिखे।
स्लोगन प्रतियोगिता में ‘ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव’ और ‘हरा भारत-स्वच्छ भारत’ जैसे संदेश प्रमुख रहे। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को चयनित कर स्थान प्रदान किए गए।
प्रतियोगिताओं में इन बच्चों ने हासिल किए स्थान
चित्रकला प्रतियोगिता में कोमल ने प्रथम और प्रियंका ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
स्लोगन प्रतियोगिता में समरीन प्रथम और आशिकी द्वितीय रहीं।
निबंध प्रतियोगिता में आस्था ने प्रथम तथा शगुन ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को शिक्षक इंद्रपाल ने सामान्य ज्ञान की पुस्तकें देकर पुरस्कृत किया। पुरस्कार पाकर बच्चों में उत्साह नजर आया।
विद्यालय में चल रहे सात दिवसीय स्वच्छता पखवाड़े के दौरान शिक्षक, विद्यार्थी, रसोइया, ग्राम प्रधान और अभिभावक भी विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर रहे हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पर्यावरण संरक्षण की आदत विकसित करना है।



