उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

नवीन गंगा पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही से बढ़ी परेशानी, कार्रवाई की मांग

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News

उन्नाव। जाजमऊ गंगा पुल बंद होने के बाद बड़े और भारी वाहनों के नवीन गंगा पुल से आवागमन की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इससे गंगाघाट क्षेत्र की यातायात व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव पड़ने के साथ दुर्घटनाओं की आशंका और आम नागरिकों की परेशानी बढ़ रही है।

मामले को लेकर नगर पालिका गंगाघाट के चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप पाण्डेय ने जिम्मेदार अधिकारियों से वार्ता कर समस्या से अवगत कराया। उन्होंने प्रशासन से भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।

इसी क्रम में संदीप पाण्डेय ने सीओ सिटी प्रदीप कुमार के साथ नवीन गंगा पुल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुल पर यातायात की स्थिति और भारी वाहनों के आवागमन से उत्पन्न हो रही समस्याओं को लेकर अधिकारियों से चर्चा की।

दोनों छोर पर पुलिस तैनाती की मांग

संदीप पाण्डेय ने मांग की कि नवीन गंगा पुल के कानपुर और मरहला चौराहा दोनों छोर पर आवश्यक स्थानों पर पुलिस एवं यातायात कर्मियों की तैनाती की जाए, जिससे भारी वाहनों के प्रवेश को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

उन्होंने कहा कि भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित कर उसका कड़ाई से पालन कराया जाना चाहिए। जनहित और जनसुरक्षा से जुड़े इस मामले में केवल निर्देश जारी करने के बजाय धरातल पर प्रभावी कार्रवाई जरूरी है।

उन्होंने प्रशासन से तत्काल ठोस व्यवस्था लागू कराने की मांग की, ताकि यातायात का दबाव कम हो और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Related Articles

Back to top button