उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

जैतीपुर चौराहे पर जलभराव से हाहाकार, नाली का गंदा पानी सड़क पर; राहगीर परेशान, दुकानदार बेहाल

संवाददाता सचिन पांडे

नवाबगंज/हसनगंज, उन्नाव। ग्राम पंचायत जैतीपुर के मुख्य चौराहे पर जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों और राहगीरों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नाली के पानी की निकासी नहीं होने के कारण गंदा पानी सड़क पर जमा है, जिससे चौराहे से गुजरना लोगों के लिए मुश्किल हो गया है।

चौराहे पर जलभराव का सबसे ज्यादा असर स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों पर पड़ रहा है। दुकानों के सामने गंदा पानी जमा होने से दुकानदारों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। वहीं ग्रामीणों को रोजमर्रा के काम के लिए इसी जलभराव से होकर गुजरना पड़ रहा है।

बच्चों की राह भी हुई मुश्किल

चौराहे से होकर स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को भी गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश होने पर स्थिति और भी खराब हो जाती है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नाली के पानी की स्थायी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या बार-बार सामने आती है। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से समस्या बनी होने के बावजूद इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

ग्रामीणों ने अधिकारियों से लगाई गुहार

ग्रामीणों और दुकानदारों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। लोगों का कहना है कि मौके का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए, ताकि चौराहे पर जमा गंदे पानी से लोगों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारु हो सके।

ग्रामीणों ने जनहित में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या का स्थायी समाधान कब तक करा पाते हैं।

Related Articles

Back to top button