उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में स्वाइन फ्लू का एक और मामला, संक्रमितों की संख्या बढ़कर छह हुई

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। जिले में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। बुधवार को आई जांच रिपोर्ट में नवाबगंज ब्लॉक के देवीपुरवा जगदीशपुर गांव निवासी 71 वर्षीय वृद्धा में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके साथ जिले में स्वाइन फ्लू से संक्रमित मरीजों की संख्या छह पहुंच गई है।

परिजनों के अनुसार वृद्धा को सांस लेने में परेशानी थी। दवा लेने के बाद भी हालत में सुधार नहीं होने पर उन्हें कानपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लक्षणों को देखते हुए जांच कराई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उनका उपचार शुरू किया गया।

चिकित्सकों के मुताबिक बारिश और नमी के मौसम में संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ सकता है। बुजुर्गों, छोटे बच्चों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जिले में एक और चिंता की बात यह है कि अस्पतालों में संदिग्ध मरीजों की शुरुआती जांच के लिए आरटीपीसीआर किट उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। बुधवार को बुखार संबंधी ओपीडी में 11 मरीज पहुंचे, जिनमें दो को हाईग्रेड फीवर था। संक्रमण को देखते हुए सरकारी डॉक्टरों और कर्मचारियों की छुट्टियों पर भी रोक लगाई गई है। 

Related Articles

Back to top button