उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: रजबहा में पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मजदूर की डूबकर मौत, चालक समेत दो घायल

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद–पनापुर कला संपर्क मार्ग पर बुधवार रात करीब 10 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। अरेरकला गांव के रहने वाले नन्हकू (45) पुत्र सुकाली अपने गांव के ट्रैक्टर चालक गुड्डू (45) पुत्र राजाराम और मजदूर सरोज (25) पुत्र स्व. रामखेलावन के साथ निजी कार्य से पनापुर कला जा रहे थे। इसी दौरान अरेरकला गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर रजबहा में पलट गई। 

हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने और रजबहा के पानी में डूबने से नन्हकू की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि चालक गुड्डू और मजदूर सरोज को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बाहर निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के बेटे पंकज ने बताया कि उनके पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी मुन्नी और दो बेटे व एक बेटी हैं। नन्हकू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

आसीवन थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घायल चालक गुड्डू और सरोज को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। 

Related Articles

Back to top button