ब्यूरो ऋषभ तिवारी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ₹23,731 करोड़ की लागत वाली GOBARdhan (Galvanizing Organic Bio-Agro Resources Dhan) राष्ट्रीय सर्कुलर बायोएनर्जी योजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना का उद्देश्य गोबर और अन्य जैविक अपशिष्ट से कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) का उत्पादन बढ़ाना, किसानों की आय में वृद्धि करना, ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजित करना और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस फैसले का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिया गया यह निर्णय आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ ऊर्जा और ग्रामीण समृद्धि की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों की आय बढ़ेगी, ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा और जैविक अपशिष्ट को ‘वेस्ट टू वेल्थ’ में बदलने की दिशा में तेजी आएगी।
सरकार के अनुसार, यह योजना देश में कंप्रेस्ड बायोगैस उत्पादन को तेज़ी से बढ़ाने, निजी निवेश आकर्षित करने, जैविक कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और आयातित जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करने में मदद करेगी। योजना से आने वाले वर्षों में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है।



