युवाओं के लिए बनेगी एकीकृत युवा नीति, CM योगी ने दिए अहम निर्देश

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रदेश के युवाओं के समग्र विकास के लिए एकीकृत युवा नीति तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नीति युवाओं की वास्तविक जरूरतों, आकांक्षाओं और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनाई जाए।
मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया कि युवाओं से जुड़े कार्यक्रमों की सतत मॉनिटरिंग, मूल्यांकन और आवश्यक सुझाव देने के लिए विशेषज्ञों की भागीदारी वाला स्वतंत्र राज्य युवा आयोग गठित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नीति तैयार करने से पहले 16 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की अपेक्षाओं, आकांक्षाओं और आवश्यकताओं का व्यापक अध्ययन किया जाए। साथ ही नीति निर्माण की प्रक्रिया में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों, स्टार्टअप उद्यमियों तथा विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक डोमेन के माध्यम से भी सुझाव आमंत्रित किए जाएं, ताकि तैयार होने वाली युवा नीति प्रदेश के युवाओं की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप प्रभावी और भविष्य उन्मुख बन सके।



