उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

आईआईटी दिल्ली के सम्मेलन में उन्नाव की शिक्षिका स्नेहिल पांडेय ने बढ़ाया जिले का मान

किसान मेल | ब्यूरो चीफ — ऋषभ तिवारी

उन्नाव। अजगैन क्षेत्र की शिक्षिका स्नेहिल पांडेय का चयन उत्तर प्रदेश से राष्ट्रीय स्तर के एक विशेष शैक्षिक सम्मेलन के लिए किया गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में उन्होंने अपने नवाचारी शैक्षिक प्रयोगों, कक्षा में किए गए प्रयासों और उससे विद्यार्थियों को मिले परिणामों पर अपने अनुभव साझा किए।

यह सम्मेलन राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों एवं पीएटीएएफ तथा को-ग्रेड संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। ऑनलाइन साक्षात्कार के माध्यम से चयनित शिक्षकों को सम्मेलन में आमंत्रित किया गया था।

नवाचार और शिक्षण अनुभव साझा करने का मिला मंच

सम्मेलन में स्नेहिल पांडेय को अपने विद्यालय और कक्षा में किए गए नवाचारी प्रयोगों पर चर्चा करने का अवसर मिला। उन्होंने शिक्षण प्रक्रिया को विद्यार्थियों के लिए अधिक रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए किए गए प्रयासों तथा उनके परिणामों के बारे में जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक के बढ़ते महत्व पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), तकनीकी शिक्षा और विद्यार्थियों में तकनीक के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षकों की तकनीकी दक्षता को मजबूत करने की आवश्यकता पर विचार-विमर्श किया गया।

मेधा ऐप समेत तकनीकी पहल पर चर्चा

सम्मेलन में को-ग्रेड संस्था की ओर से तैयार किए गए मेधा ऐप के संबंध में भी जानकारी साझा की गई। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े कई जाने-माने विशेषज्ञ एवं शिक्षक मौजूद रहे। वक्ताओं ने बदलते शैक्षिक परिवेश में तकनीक और नवाचार को शिक्षण व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से आए शिक्षकों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए। इनमें इटावा से राजीव राज, असम से मीनाक्षी गोस्वामी, बिहार और ओडिशा से प्रतिभागी शिक्षक, दिल्ली के पीएमसीडी स्कूलों की शिक्षिकाएं, गुरुग्राम, वसंत क्षेत्र, उत्तराखंड, श्रीगंगानगर, राजस्थान और कश्मीर से आए शिक्षक शामिल रहे। कार्यक्रम में ऐप गुरु इमरान खान सहित कई शिक्षकों की उपस्थिति रही।

प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर किया सम्मानित

सम्मेलन में शामिल सभी प्रतिभागी शिक्षकों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश से स्नेहिल पांडेय का चयन होना उन्नाव जिले के लिए गौरव की बात माना जा रहा है।

शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी दक्षता और आधुनिक संसाधनों के प्रभावी प्रयोग पर आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में स्नेहिल पांडेय की सहभागिता ने अजगैन और उन्नाव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया है।

Related Articles

Back to top button