कच्ची दीवार के मलबे में दबकर घायल किसान की मौत, एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान तोड़ा दम

— ऋषभ तिवारी, ब्यूरो चीफ, दैनिक किसान मेल न्यूज़
उन्नाव। माखी थाना क्षेत्र के बरम्भौला गांव में कच्ची दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल हुए 80 वर्षीय किसान की करीब एक सप्ताह बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार को जिला अस्पताल में उपचार के दौरान किसान ने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बरम्भौला निवासी सेवकी (80) खेती-किसानी का काम करते थे। वृद्धावस्था के चलते वह अपनी बेटी रामरानी और दामाद शिवमंगल के साथ रहते थे। परिजनों के मुताबिक 18 अगस्त को सेवकी कच्ची दीवार के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार के मलबे में दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। करीब एक सप्ताह तक उनका इलाज चलता रहा, लेकिन हालत गंभीर बनी रही। आखिरकार गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना पर परिवार में मातम पसर गया। दामाद शिवमंगल ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। माखी थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह ने बताया कि दामाद की सूचना पर आवश्यक कार्रवाई की गई है।
बरसात के मौसम में कच्ची और जर्जर दीवारों के गिरने का खतरा लगातार बना हुआ है। इस घटना ने एक बार फिर गांवों में कमजोर मकानों और दीवारों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे जर्जर मकानों और दीवारों का सर्वे कराकर जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।



