तीन महीने पुराने सड़क हादसे में घायल श्रमिक की मौत, पत्नी और तीन बेटियों पर टूटा दुखों का पहाड़

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
नवाबगंज, उन्नाव। सोहरामऊ-कालूखेड़ा मार्ग पर तीन महीने पहले हुए सड़क हादसे में घायल श्रमिक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान तकिया गांव निवासी 35 वर्षीय हनीफ के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 14 जून को हनीफ अपने साथी राजा के साथ लालपुर गांव के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान दतौली गांव निवासी बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हुए थे।
राजा की हालत में बाद में सुधार हो गया, लेकिन हनीफ की स्थिति गंभीर बनी रही। परिजनों ने उन्हें लखनऊ के बंथरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। हालत में सुधार नहीं होने पर करीब एक सप्ताह पहले उन्हें घर लाया गया, जहां मंगलवार दोपहर उनकी मौत हो गई।
हनीफ छह भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत के बाद पत्नी सन्नो बानो और तीन बेटियों साहिबा, जैबा व ईबा का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। हादसे के मामले में टक्कर मारने वाली बाइक के पंजीकरण नंबर के आधार पर पहले से प्राथमिकी दर्ज है और अब धाराएं बढ़ाने की बात पुलिस ने कही है।



