उत्तर प्रदेशताजा खबरनोएडा

नोएडा में ईमानदारी की मिली सजा? इंस्पेक्टर के बेटे की गाड़ी का चालान काटने पर ट्रैफिक हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर, वीडियो जारी कर खोली पोल

ब्यूरो रिपोर्ट-ऋषभ तिवारी

नोएडा। उत्तर प्रदेश के नोएडा में कानून के रखवालों के परिवार द्वारा ही नियमों की धज्जियां उड़ाने और एक ईमानदार पुलिसकर्मी पर गाज गिरने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नंबर प्लेट पर कागज चिपकाकर सड़क पर कार दौड़ा रहे एक पुलिस इंस्पेक्टर के बेटे का चालान काटना ट्रैफिक पुलिस के एक हेड कांस्टेबल को भारी पड़ गया। कार्रवाई से नाराज महकमे के आला अधिकारियों ने हेड कांस्टेबल को ही लाइन हाजिर कर दिया है। इस एकतरफा कार्रवाई से आहत होकर हेड कांस्टेबल ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पूरे मामले की पोल खोल दी है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

नंबर प्लेट छिपाकर दौड़ा रहा था गाड़ी, रोकने पर की मनमानी मिली जानकारी के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल की नजर एक संदिग्ध कार पर पड़ी, जिसकी नंबर प्लेट पर जानबूझकर कागज चिपकाया गया था ताकि गाड़ी का नंबर छिपाया जा सके और कैमरों या पुलिस की नजर से बचा जा सके। जब हेड कांस्टेबल ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी को रोकने का इशारा किया, तो कार चला रहे युवक ने पहले गाड़ी भगाने की कोशिश की। किसी तरह गाड़ी रुकवाने के बाद युवक ने खुद को एक पुलिस इंस्पेक्टर का बेटा बताते हुए रौब झाड़ना शुरू कर दिया।

निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए काटा चालान, बना लिया सबूत के तौर पर वीडियो इंस्पेक्टर पुत्र की धौंस में आए बिना हेड कांस्टेबल ने अपनी ड्यूटी निभाते हुए नियमों के उल्लंघन पर गाड़ी का चालान काट दिया। इस दौरान युवक द्वारा की जा रही बदसलूकी और नंबर प्लेट पर कागज चिपके होने का सबूत रखने के लिए हेड कांस्टेबल ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया।

ड्यूटी निभाने पर मिला ‘लाइन हाजिर’ का इनाम, वीडियो वायरल मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब चालान कटने के कुछ ही समय बाद हेड कांस्टेबल के खिलाफ ‘लाइन हाजिर’ होने का आदेश जारी हो गया। ईमानदारी से ड्यूटी करने के बदले मिली इस सजा से आहत होकर हेड कांस्टेबल ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां किया। उन्होंने घटना का वीडियो पोस्ट करते हुए विस्तार से बताया कि किस तरह उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर नियम तोड़ने वाली गाड़ी को रोकने की कोशिश की और कैसे वीडियो बनाकर रसूखदार इंस्पेक्टर पुत्र की कारस्तानी उजागर की।

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स पूछ रहे हैं कि क्या यातायात के नियम सिर्फ आम नागरिक के लिए हैं और क्या एक ईमानदार सिपाही को रसूखदार के खिलाफ कार्रवाई करने की यही कीमत चुकानी होगी? फिलहाल इस मामले ने पुलिस महकमे में भी हलचल तेज कर दी है।

Related Articles

Back to top button