नकली ऑक्सीटोसिन बनाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 2 करोड़ से अधिक का माल बरामद

संवाददाता इरफान कुरैशी,
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन-पश्चिमी अंतर्गत कोतवाली दुबग्गा पुलिस और एसटीएफ टीम की संयुक्त कार्रवाई में नकली ऑक्सीटोसिन तैयार करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये से अधिक का माल बरामद कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
प्रेस नोट के मुताबिक, 23 नवंबर 2026 को रात करीब 8:00 बजे एसटीएफ टीम लखनऊ और कोतवाली दुबग्गा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम मौहारी जेहटा, कोतवाली दुबग्गा क्षेत्र से दो आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में दिलदार उम्र करीब 35 वर्ष और इरफान उम्र करीब 30 वर्ष शामिल हैं। दोनों पुत्र रज्जा के निवासी ग्राम महिमाखेड़ा, थाना रहीमाबाद हाल पता कैटल कॉलोनी, कोतवाली ठाकुरगंज, लखनऊ के रहने वाले हैं।
मौके से पुलिस और औषधि निरीक्षकों की टीम ने भारी मात्रा में नकली ऑक्सीटोसिन व अन्य सामान बरामद किया। बरामदगी में 37 प्लास्टिक बोरियों में रखी 3,700 बोतल ऑक्सीटोसिन प्रत्येक लगभग 200 ml, 2 ml वाली 1,77,800 प्लास्टिक पैकिंग में भरा लिक्विड ऑक्सीटोसिन, एक 35 लीटर प्लास्टिक केन में भरा लिक्विड ऑक्सीटोसिन तथा 3 सिल्वर फॉयल पैकिंग में संदिग्ध ऑक्सीटोसिन पाउडर शामिल है। इसके अलावा 5-5 लीटर फिनायल से भरे 12 केन, 36 पैकेट टाटा नमक, खाली बोतलें, विभिन्न ढक्कन, रबर कैप व अन्य उपकरण और एक पिकअप वाहन संख्या UP32YN6383 भी बरामद किया गया है।
इस मामले में कोतवाली दुबग्गा में मु0अ0सं0 0360/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धाराओं 318(4), 319(2), 325, 280, 276 और 112 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक इतिहास है। दिलदार के विरुद्ध थाना पारा में मु0अ0सं0 0621/2025 दर्ज है। वहीं इरफान के खिलाफ थाना पारा में मु0अ0सं0 0621/2025, थाना काकोरी में मु0अ0सं0 0124/2026 और थाना ठाकुरगंज में मु0अ0सं0 0393/2017 पंजीकृत हैं।




