उत्तर प्रदेश में आयोजित वृहद रक्तदान कार्यक्रम में किया गया 3000 यूनिट का रक्तदान

उ.प्र. डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा पूरे प्रदेष में आयोजित वृहद रक्तदान कार्यक्रम में किया गया 3000 यूनिट का रक्तदान
उ.प्र. डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ (लखनऊ मंडल) द्वारा आयोजित बृहद रक्तदान शिविर में कुल 200 यूनिट रक्तदान संपन्न
उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक ने किया रक्तदान शिविर का शुभारंभ, कहा डिप्लोमा अभियंता विकास की रीढ़ हैं और उनका यह प्रयास सराहनीय है
लखनऊ, 15 सितंबर 2026: उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा हृदय सम्राट स्व० इं0 आर०के० दत्त जी की पुण्य तिथि के अवसर पर पूरे प्रदेश में वृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पूरे प्रदेश में इस अवसर पर लगभग 3000 यूनिट रक्तदान किया गया। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ लखनऊ मण्डल द्वारा लोक निर्माण विभाग स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में बृहद रक्तदान कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के माननीय उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक जी ने शिरकत कर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय उप मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डिप्लोमा अभियंता प्रदेश के विकास की रीढ़ हैं। समाज के लिए रक्तदान जैसा पुनीत कार्य करना उनकी उच्च सामाजिक प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो अत्यंत सराहनीय है। उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के समस्त अभियंत्रण विभागों के योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जूनियर इंजीनियरों के बिना विकास कार्यों की कल्पना संभव नहीं है। आज प्रदेश में सड़कों का व्यापक जाल, 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा नहरों से सिंचाई के बेहतर उपाय डिप्लोमा अभियंताओं की दिन-रात की कड़ी मेहनत का ही परिणाम हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि पहले अभियंताओं को क्षेत्र में कार्य करने के लिए सुरक्षा का सहारा लेना पड़ता था, जब कि वर्तमान सरकार में भयमुक्त वातावरण में बिना किसी दबाव के विकास कार्य तेज़ी से पूरे हो रहे हैं।
कार्यक्रम में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष इंजी० ए०के० द्विवेदी जी ने इस सामाजिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय अध्यक्ष (अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ) इंजी० एन०डी० द्विवेदी, उत्तर प्रदेश डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष इंजी० एच० एन० मिश्र एवं विधि संरक्षक इं0 हेमेन्द्र प्रताप सिंह, संरक्षक इं0 एस0पी0 मिश्रा जी व घटक संघ के पदाधिकारियों ने अपने सम्बोधन में रक्तदान जैसे पुनीत कार्य, मानवता की सेवा हेतु डिप्लोमा इंजीनियरों की प्रशंसा की।

राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ, इंजी० एन०डी० द्विवेदी, ने अवगत कराया कि पूरे भारत वर्ष में आज सभी डिप्लोमा इंजीनियर्स कार्यक्रम कर रहे हैं। डिप्लोमा इंजीनियर्स संवर्ग विभिन्न आपदाओं के समय भी राष्ट्र के साथ खड़ा रहता है और अपेक्षित सहयोग देता रहा है। इं0 एच0एन0 मिश्रा प्रान्तीय अध्यक्ष उ0प्र0 डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ द्वारा अवगत कराया गया कि प्रदेश के समस्त मण्डलों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है, लगभग 3000 यूनिट रक्तदान हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान लखनऊ मंडल अध्यक्ष इंजी० राजर्षि त्रिपाठी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अभियंताओं को काम करने के लिए निर्भीक एवं भयमुक्त वातावरण तो दिया है, परंतु कर्मचारियों के हितों की अनदेखी भी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यद्यपि महासंघ इस अवसर पर कोई मांग नहीं रख रहा है, किंतु 400 रुपये के भत्ते और 4800 ग्रेड पे की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, जिस पर सरकार को ध्यान देने की आवश्यकता है। उ0प्र0 डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ के बैनर तले आज हृदय सम्राट इं0 आर0के0 दत्त जी के निर्वाण दिवस पर लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित रक्तदान शिविर में 200 यूनिट रक्तदान लखनऊ राजधानी के डिप्लोमा इंजीनियर्स ने किया। लखनऊ मुख्यालय पर आयोजित रक्तदान शिविर में लखनऊ मण्डल के समस्त जनपदों के डिप्लामा इंजीनियर्स ने परिवार सहित तथा पालीटेक्निक के छात्राओं ने भी रक्तदान किया। आज के रक्तदान शिविर में एस0जी0पी0जी0आई, के0जी0एम0सी0 (मेडिकल कालेज), डा0 श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल, बलरामपुर अस्पताल एवं नारायण चेरिटबल ब्लड सेन्टर की चिकित्सक टीमों ने आकर रक्त संचित किया। रक्तदान शिविर में स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए रक्तदाताओं को प्रोत्साहित किया। के0जी0एम0यू0 ट्रांसफ्यूजन विभाग की विभागाध्यक्ष डा0 तूलिका चन्द्रा जी ने रक्तदान के लाभ के बारे में बताया।
रक्तदान शिविर में इं0 श्रवण कुमार यादव (लो0नि0वि0), इं0 विनोद कुमार मौर्या, इं0 ओ0पी0 वर्मा, इं0 राजीव गोयल, (ग्रा0अ0वि0), इं0 अमरजीत यादव, इं0 राजीव श्रीवास्तव (आवास विकास), इं0 श्रीप्रकाश गुप्ता (सेतु निगम), इं0 सत्यजीत पाल, इं0 तुलसी राम, इं0 एस0डी0 द्विवेदी (राजकीय निर्माण), इं0 राकेश कुमार यादव, इं0 श्रवण कुमार (सिंचाई सिविल), इं0 जी0बी0 पटेल (राज्य विद्युत परिषद), इं0 राजीव शाक्य, इं0 अरूण कुमार (लघु सिंचाई), इं0 विनय यादव, इं0 मंजीत वर्मा, इं0 विकास मिश्रा (जल निगम), इं0 आर0के0 भाटिया, इं0 दिवाकर राय (सेवानिवृत्त कल्याण संघ) सहित घटकसंघों के पदाधिकारी/सदस्य मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ मण्डल के मण्डल सचिव इं0 प्रदीप कुमार शुक्ला ने किया।




