उन्नाव में हत्या के प्रयास का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। कोतवाली सदर क्षेत्र के सिकंदरपुर सिरोसी में 25 सितंबर की रात नरेश जायसवाल पर चाकू से हमला कर घायल करने के मामले में पुलिस ने आरोपी शहबान पुत्र रहमान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर की रात नादाखेड़ा गांव के पास एसओजी, सर्विलांस और कोतवाली सदर पुलिस की संयुक्त टीम आरोपी की तलाश में लगी थी। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान गिरफ्तारी का प्रयास करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार बरामद हथियार को कब्जे में लेकर मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चाकू से हमला करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक सिकंदरपुर सिरोसी में 25 सितंबर की रात नरेश जायसवाल पर चाकू से हमला किया गया था। घटना में वह घायल हो गए थे। मामले में कोतवाली सदर में मु0अ0सं0 608/26, धारा 109/333 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
घायल नरेश को प्रारंभिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर किया गया था। पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
पहले भी दर्ज है मुकदमा
पुलिस ने आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी बताया है। उसके खिलाफ गंगाघाट थाने में वर्ष 2021 में चोरी से संबंधित मुकदमा दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



