कलेक्ट्रेट में गांधी जयंती पर श्रद्धांजलि, डीएम ने दिलाया सत्य, स्वच्छता और जनसेवा के आदर्शों पर चलने का संदेश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और गरिमापूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के आदर्शों को अपने जीवन और कार्यशैली में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजन ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ और ‘रघुपति राघव राजा राम’ का गायन किया गया। भजनों के माध्यम से गांधी जी के सत्य, अहिंसा और मानवता के संदेश को याद किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और मानव सेवा से जुड़े विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने विभिन्न आंदोलनों के माध्यम से देशवासियों को एकजुट किया और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जिलाधिकारी ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि खाद्यान्न संकट के दौर में शास्त्री जी ने अपनी सूझबूझ और दूरदर्शिता से देश को कठिन परिस्थितियों से उबारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका सादगीपूर्ण जीवन और देशसेवा का भाव आज भी प्रेरणा देता है।
डीएम ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ करें। उन्होंने कहा कि जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।



