उन्नाव में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर, 455 श्रमिकों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नवाबगंज स्थित मेसर्स कॉन्सर्ट बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड में श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 455 श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ईएसआईसी एवं ईएसआई योजना के सहयोग से आयोजित शिविर में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने श्रमिकों की उच्च रक्तचाप, मधुमेह, एनीमिया समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की। इस दौरान चिकित्सकों ने श्रमिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया।
शिविर में श्रमिकों को पोषण, स्वच्छता और कार्यस्थल पर व्यावसायिक सुरक्षा से संबंधित जरूरी जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें सामाजिक सुरक्षा एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टीम ने शिविर में पहुंचकर श्रमिकों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। अधिकारियों ने बताया कि श्रमिकों को उनके कार्यस्थल के आसपास ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
8 अक्टूबर को यहां लगेगा अगला शिविर
अधिकारियों के अनुसार अगला श्रमिक सम्मान स्वास्थ्य शिविर 8 अक्टूबर को सुपर हाउस लिमिटेड शू-डिवीजन साइट-2 में आयोजित किया जाएगा। श्रमिकों से अपील की गई है कि वे नजदीकी शिविर में पहुंचकर निश्शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाएं।



