पुरवा क्षेत्र में आबकारी विभाग की छापेमारी, 22 लीटर कच्ची शराब बरामद; 200 किलो महुआ लहन नष्ट

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। अवैध कच्ची शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुरवा क्षेत्र के कई गांवों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 22 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई, जबकि करीब 200 किलोग्राम महुआ लहन मौके पर नष्ट कराया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने गौरी, बथुआ और शाहपुर गांवों में संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की। अभियान का नेतृत्व आबकारी निरीक्षक निशांत सिंह ने किया। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी टीम के साथ मौजूद रही।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब से संबंधित मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
जिला आबकारी अधिकारी अनुराग मिश्र के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी छापेमारी जारी रखने की बात कही गई है।



