मिशन शक्ति: छात्रा गरिमा तिवारी बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, पारिवारिक विवाद सुलझाने की प्रक्रिया समझी

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बांगरमऊ कोतवाली में जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा 11 की छात्रा गरिमा तिवारी ने एक दिन के लिए थाना प्रभारी की भूमिका निभाई और पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा।
एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पाण्डेय ने छात्रा का स्वागत किया। उन्होंने गरिमा को पुलिस की जिम्मेदारियों, शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।
इस दौरान छात्रा ने महिला संबंधी शिकायतों और पारिवारिक विवादों की सुनवाई की प्रक्रिया को समझा। पारिवारिक विवाद से जुड़े एक दंपती की समस्याएं सुनकर आपसी संवाद के माध्यम से समाधान कराया गया। इसके बाद दोनों पक्ष साथ रहने के लिए सहमत हुए। इस अनुभव से छात्रा ने निष्पक्ष सुनवाई, संवाद और धैर्य के महत्व को जाना।
कार्यक्रम के दौरान गरिमा तिवारी ने मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण भी किया। उन्हें शिकायतों की जांच, निस्तारण की प्रक्रिया और महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पुलिस के निर्णय लेने के तरीके और विभिन्न जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करना तथा उन्हें महिला सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना है।



