उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

मिशन शक्ति: पुरवा तहसील में लगा पिंक तहसील दिवस, सीडीओ ने सुनीं महिलाओं की समस्याएं

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत तहसील पुरवा में पिंक तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और एसएसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों तथा स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कृति राज ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम पुरवा दिग्विजय सिंह और मिशन शक्ति टीम ने भी कार्यक्रम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

तहसील परिसर में महिला हेल्प डेस्क के स्टॉल लगाए गए, जहां महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं। इस दौरान उन्हें अपने अधिकारों, महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं और जरूरत पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।

महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही इन हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम में छोटे बच्चों के साथ पहुंचीं महिलाओं को जागरूकता संबंधी पंपलेट और बेबी केयर उत्पाद वितरित किए गए। अधिकारियों ने महिलाओं को अपनी समस्याएं निर्भीक होकर सामने रखने और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित हेल्पलाइन या पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।

पिंक तहसील दिवस का उद्देश्य महिलाओं को शिकायतों के निस्तारण के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी सहायता के प्रति जागरूक करना रहा। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला सशक्तीकरण और सुरक्षित वातावरण को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button