निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के प्रचार वाहन को सदर विधायक ने दिखाई हरी झंडी

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। विधानसभा क्षेत्र में आयोजित होने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों के प्रचार-प्रसार को लेकर पहल शुरू की गई है। सदर विधायक पंकज गुप्ता ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
वेदांता हेल्थकेयर क्लिनिक के सहयोग से विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा क्षेत्रवासियों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। विधायक पंकज गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर इसका लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज ही सशक्त समाज की आधारशिला है, इसलिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वेदांता हॉस्पिटल कानपुर के आर्थो सर्जन डॉ. शिवांश त्रिवेदी, महिला विशेषज्ञ सर्जन डॉ. जया त्रिवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।



