मौरावां में मूर्ति विसर्जन के दौरान हादसा, चार वर्षीय बच्ची की मौत; कई महिलाएं घायल
जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। मौरावां थाना क्षेत्र में देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में हादसा होने से एक मासूम बच्ची की जान चली गई, जबकि कई महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्यामपुर मजरे देवमई गांव से श्रद्धालु देवी प्रतिमा विसर्जन के लिए सई नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली के हाइड्रोलिक हिस्से में खराबी आने से उस पर सवार लोग असंतुलित होकर नीचे गिर पड़े। इस दौरान कई लोग एक-दूसरे के ऊपर गिर गए और चार वर्षीय बच्ची आरोही दब गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। बच्ची की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना ने धार्मिक आयोजनों के दौरान वाहनों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।



