उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

दीपावली से पहले अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, एक कुंतल से अधिक पटाखों के साथ दुकानदार गिरफ्तार

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

फतेहपुर। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में जहानाबाद थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छापेमारी कर एक दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 कुंतल 12 किलोग्राम विभिन्न ब्रांड के पटाखे बरामद किए हैं। बरामद पटाखों की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में अपराधों की रोकथाम और अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 20 अक्टूबर 2026 को जहानाबाद थाना पुलिस को सूचना मिली कि कस्बे के मोहल्ला बंबा ऊपर में हाईवे किनारे स्थित एक दुकान के पीछे खाली जगह पर बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की। इस दौरान बोरियों और गत्तों में भरकर रखे गए पटाखे बरामद हुए। पुलिस ने मौके से मोहम्मद इरफान पुत्र मोहम्मद जहीर उर्फ चुन्ना, निवासी मोहल्ला औरंगाबाद, कस्बा व थाना जहानाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बरामद पटाखों का कुल वजन 1 कुंतल 12 किलोग्राम है, जबकि उनकी अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। मामले में थाना जहानाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 191/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 5/9ख में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष योगेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक बिंध्येश कुमार गिरि और मुख्य आरक्षी श्याम सहित पुलिस टीम शामिल रही।

Related Articles

Back to top button