शुक्लागंज में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 60 किलो संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। शुक्लागंज क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने औचक छापेमारी कर बिक्री के लिए रखे 60 किलोग्राम संदिग्ध खाद्य पदार्थ जब्त किए। जब्त खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी घनश्याम मीना के निर्देश पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के क्रम में की गई।
छापेमारी के दौरान दुकान संचालक खाद्य कारोबार से संबंधित लाइसेंस और पंजीकरण के आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका। अभिलेख उपलब्ध न होने पर विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी।
विभागीय कार्रवाई के तहत संबंधित दुकान संचालक के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत वाद दायर करने की तैयारी की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



