कार्यकर्ताओं के लिए सदैव सहज सुलभ उपलब्ध रहे राम प्रकाश जी: संदीप बंसल

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यपाल, भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेता अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मुख्य मार्गदर्शक रहे।रामप्रकाश गुप्त की एक सौ तीन वीं जन्म जयंती पर संगठन मुख्यालय विधायक निवास दारुल शफा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन हुआ।
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं स्वदेशी व्यापारी मंच के राष्ट्रीय सह संयोजक संदीप बंसल ने कहा कि राम प्रकाश जैसा व्यक्तित्व आज के युग में मिलना दुर्लभ ही नहीं, लगभग असंभव है। संत महात्माओं जैसा जीवन व्यतीत करते हुए उन्होंने सदैव कार्यकर्ताओं के लिए सहज सुलभ तरीके से उपलब्ध रहने का कीर्तिमान स्थापित किया है।
उनके मुख्यमंत्री रहते हुए भी कार्यकर्ता इतनी सुविधा पूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री आवास पर जाते थे की लगता ही नहीं था कि ये मुख्यमंत्री आवास है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक कार्यकर्ता की बात को सुनना यथासंभव उसका निराकरण करना ये मानो उनके स्वभाव में था।
इसके अतिरिक्त, प्रत्येक कार्यकर्ता को यथोचित पद और स्थान मिले। इसके लिए भी उनका निरंतर प्रयास रहता था। कार्यकर्ताओं के लिए रामप्रकाश जी निश्चित रूप से सदैव एक पाठशाला की तरह थे जिससे कुछ ना कुछ सीखने को मिलता रहता था, उन्होंने कहा। क्या आज अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिस स्थान पर है उसमें राम प्रकाश की बड़ी भूमिका है।

रामप्रकाश के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करने वाले प्रमुख पदाधिकारियों में प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी, युवा प्रदेश महामंत्री आकाश गौतम, गोरखपुर से महामंत्री भोलेंद्र नारायण दुबे, लखनऊ से महामंत्री अनुज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरनाथ चौधरी, विपिन अग्रवाल, सचिन नाथ पांडे प्रमुख रूप से रहे।



