उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

लखनऊ व्यापार मण्डल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।


लखनऊ । जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक बैठक अब्दुल कलाम सभागार क्लेट्रेट लखनऊ में शाम 5 बजे से प्रारंभ हुई जिसमें लखनऊ व्यापार मण्डल के अध्यक्ष अमरनाथ मिश्र के नेतृत्व में जनपद लखनऊ के विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी प्रमुख समस्याओं के समाधान हेतु जिलाधिकारी एवं वाणिज्य बंधु के अध्यक्ष को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में व्यापारियों एवं आम नागरिकों से जुड़ी विभिन्न विभागों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की गई।

ज्ञापन में मंडी समिति द्वारा लागू की गई जियो टैगिंग व्यवस्था को अत्यधिक जटिल एवं अव्यावहारिक बताते हुए इसे सरल बनाने तथा व्यापारियों पर अनावश्यक प्रक्रियात्मक बोझ समाप्त करने की मांग की गई।

विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं में सर्राफा बाजार की जर्जर भूमिगत विद्युत केबलों का तत्काल प्रतिस्थापन, पुराने एवं जर्जर बिजली के खम्भों को बदलना, व्यापारिक क्षेत्रों में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, बिजली एवं दूरसंचार के तारों के जाल को व्यवस्थित करना, लोड के अनुसार ट्रांसफार्मर स्थापित करना तथा सीसीटीवी एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई।

नगर निगम से संबंधित ज्ञापन में शहर से अतिक्रमण हटाने, झाऊलाल पुल पर सुलभ शौचालय निर्माण, व्यापारियों के वाहनों के विरुद्ध भेदभावपूर्ण कार्रवाई रोकने, बाजारों में पेयजल, पार्किंग एवं सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने, ट्रेड लाइसेंस के नाम पर उत्पीड़न रोकने, जलभराव की समस्या का समाधान, साप्ताहिक बाजारों का स्थानांतरण, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, सर्राफा बाजार में फायर सेफ्टी हेतु मिनी ट्यूबवेल तथा नाका क्षेत्र में सार्वजनिक एवं पिंक शौचालयों के निर्माण की मांग की गई।

लखनऊ विकास प्राधिकरण (एल.डी.ए.) से इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट की लीजहोल्ड भूमि को फ्रीहोल्ड करने की नीति लागू करने, नई नीति बनने तक लीजधारकों के विरुद्ध कोई कार्रवाई न करने तथा आवास विकास परिषद द्वारा व्यापारियों को भेजे जा रहे नोटिसों एवं अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई।
लोक निर्माण विभाग से शहर की जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की गई।

यातायात एवं पुलिस विभाग के संबंध में चारबाग क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई, श्रीराम टावर के सामने लगी बैरिकेडिंग हटाने, ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने, व्यस्त चौराहों से 100 मीटर दूरी पर सवारी चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था, डालीगंज बाजार में मालवाहक वाहनों के लिए समयबद्ध प्रवेश, पावर हाउस चौराहा (आशियाना), आलमनगर पुल एवं बुलाकी अड्डा की जाम समस्या का समाधान तथा चौक क्षेत्र में पार्किंग एवं यातायात सुधार के लिए संयुक्त समिति गठित करने का सुझाव दिया गया।

लखनऊ व्यापार मण्डल ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि व्यापार एवं आमजन के हित में इन सभी समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, जिससे व्यापार सुचारु रूप से संचालित हो सके तथा शहर की यातायात एवं नागरिक व्यवस्था में सुधार हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button