चोरी के माल के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे आरोपी और दुकानदार की तलाश

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
नवाबगंज। सोहरामऊ थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पीतल का सामान और उसे बेचने से मिले रुपयों में से चार हजार रुपये बरामद किए हैं। मामले में शामिल एक अन्य आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार की तलाश जारी है।
चिलौली गांव निवासी अमित पांडेय ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उनके खाली पड़े घर में मंगलवार रात चोरी हो गई। चोर घर से पीतल का बटुआ समेत अन्य सामान उठा ले गए थे। शिकायत मिलने के बाद सोहरामऊ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बृहस्पतिवार को चिलौली गांव निवासी रोशन उर्फ श्रीकांत और शिवकुमार उर्फ टिन्ने पाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए पीतल के बर्तनों को बेच दिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, चोरी के सामान को बेचने से मिले 25 हजार रुपये में से चार हजार रुपये आरोपियों के पास से बरामद किए गए हैं। पूछताछ में गांव के ही अलेहित उर्फ राकेश की भी घटना में संलिप्तता सामने आई है।
जांच में यह भी पता चला कि चोरी किए गए बर्तन लखनऊ के बंथरा कस्बे के रहने वाले शिवम यादव नामक दुकानदार ने खरीदे थे। पुलिस अब तीसरे आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले दुकानदार की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
सोहरामऊ पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपियों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।



