उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

परिजनों से छिपाकर बाइक लेकर निकले तीन नाबालिग, मोड़ पर पलटी बाइक

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

किसान मेल | उन्नाव

उन्नाव। आसीवन थाना क्षेत्र में बुधवार को तीन नाबालिगों का बाइक से घूमना भारी पड़ गया। बिना बताए घर से बाइक लेकर निकले किशोर की बाइक खानपुर सुरौली गांव के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बाइक सवार तीनों बच्चे घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार कायमपुर निबरवारा गांव निवासी 13 वर्षीय किशोर अपने परिजनों को बिना बताए बाइक लेकर घर से निकल गया। उसके साथ उसकी दो चचेरी बहनें भी बाइक पर बैठ गईं। तीनों मुंशीगंज की ओर घूमने गए थे।

वापसी के दौरान खानपुर सुरौली गांव के पास मोड़ पर बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर पलट गई। हादसे में तीनों को चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को उठाकर उपचार के लिए भेजा।

घायलों में 13 वर्षीय बाइक चालक किशोर और सात वर्षीय बच्ची की हालत गंभीर बताई गई, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। तीसरी बच्ची को भी चोटें आईं।

घटना के बाद परिवार में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने हादसे की जानकारी जुटाई। इस घटना ने एक बार फिर नाबालिगों के हाथ में बाइक दिए जाने और बिना अभिभावक की निगरानी के वाहन चलाने के खतरे को सामने ला दिया है।

पुलिस और परिजनों ने लोगों से अपील की है कि नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल न चलाने दें। थोड़ी सी लापरवाही बच्चों की जान पर भारी पड़ सकती है।

Related Articles

Back to top button