मौरावां में घर में घुसा सांप, डसने से अधेड़ की मौत

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
किसान मेल | उन्नाव
मौरावां। थाना क्षेत्र के हरदी गांव में रात के समय घर में घुसे सांप ने सो रहे अधेड़ को डस लिया। हालत बिगड़ने के बाद परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया।
हरदी गांव निवासी रज्जन (51) मंगलवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान खिड़की के रास्ते सांप कमरे में पहुंच गया और उसने रज्जन को डस लिया। सांप के डसने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी।
परिजन उन्हें तत्काल स्थानीय स्तर पर इलाज के लिए ले गए। इसके बाद हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने इलाज शुरू किया, लेकिन उनकी हालत लगातार गंभीर बनी रही। उपचार के दौरान रज्जन ने दम तोड़ दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल ले जाने से पहले झाड़-फूंक में भी समय चला गया, जिसके बाद हालत और बिगड़ गई। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
बरसात के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने और लोगों को सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए जागरूक करने की मांग की है।
किसान मेल की अपील: सांप के काटने पर झाड़-फूंक में समय गंवाने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल ले जाएं।



