उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में SSP की अपराध गोष्ठी, अपराधियों पर शिकंजा कसने के निर्देश; महिला अपराधों में जीरो टॉलरेंस पर जोर

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी जय प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एएसपी उत्तरी अखिलेश सिंह समेत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के साथ लंबित मामलों के जल्द निस्तारण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने गंभीर और लंबित मुकदमों की समीक्षा करते हुए उनका शीघ्र खुलासा करने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा। महिला अपराधों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने और ऐसे मामलों में तत्काल एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शातिर अपराधियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

बैठक में सक्रिय और शातिर अपराधियों की निगरानी बढ़ाने के साथ उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए गए। जरूरत के अनुसार गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर जिलाबदर की कार्रवाई करने को कहा गया। माफिया और सक्रिय अपराधियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और NSA के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

एसएसपी ने अवैध शराब, अवैध असलहों, जुआ और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया। पुलिस अधिकारियों से कहा गया कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।

पॉक्सो और दुष्कर्म मामलों में प्रभावी पैरवी के निर्देश

पॉक्सो और दुष्कर्म के मामलों में प्रभावी विवेचना के साथ-साथ न्यायालय में मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि आरोपितों को कानून के तहत सजा दिलाई जा सके।

गणेश चतुर्थी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

आगामी गणेश चतुर्थी के मद्देनजर प्रतिमा स्थापना और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

इसके अलावा जमीनी विवादों के मामलों में राजस्व विभाग के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने, IGRS शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और PRV वाहनों की रैंडम चेकिंग करने के निर्देश भी एसएसपी ने दिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button