उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

जमीन कब्जेदारी के विवाद में फायरिंग, जिला पंचायत सदस्य समेत पांच गिरफ्तार

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

फतेहपुर। थरियांव थाना क्षेत्र में जमीन पर कब्जेदारी को लेकर हुए विवाद में मारपीट और फायरिंग के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना 16 सितंबर को हसवां हाईवे स्थित पीएनसी गोदाम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट के बाद जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।

पुलिस ने मामले में जिला पंचायत सदस्य रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह, बलराम मिश्रा, पत्तू उर्फ नन्देर, गड्डू पटेल और शिवकुमार को गिरफ्तार किया है।

लाइसेंसी बंदूक और कारतूस बरामद

पुलिस के अनुसार रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी 12 बोर एसबीबीएल गन, तीन जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए जाने की बात कही गई स्कॉर्पियो और महिंद्रा वाहन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक बरामद लाइसेंसी बंदूक रिंकू सिंह लोहारी उर्फ अजय सिंह के नाम पंजीकृत है। बरामद असलहे और कारतूस को पुलिस ने कब्जे में लेकर मामले की विवेचना में शामिल किया है।

BNS और आर्म्स एक्ट में कार्रवाई

थरियांव पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। वहीं, रिंकू सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27(1)/30 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी पांच आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। मामले में घटना के अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button