उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

जाजमऊ गंगा पुल की मरम्मत तेज, एप्रोच रोड का काम शुरू होते ही रेंगने लगे वाहन

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। उन्नाव-कानपुर के बीच यातायात के लिए अहम जाजमऊ पुराने गंगा पुल की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। शुक्रवार को पुल के दूसरे स्पॉन को जैक की मदद से उठाकर बेयरिंग की सफाई और खराब बेयरिंग बदलने का काम किया गया। वहीं कानपुर की ओर एप्रोच रोड की मरम्मत भी शुरू कर दी गई।

दोपहर करीब दो बजे एप्रोच रोड का काम शुरू होने के बाद उन्नाव से कानपुर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। शाम तक कई जगह यातायात रेंगता रहा। मरम्मत के दौरान हल्के वाहनों को निकाला जा रहा है।

भारी वाहनों के लिए पहले से लागू है डायवर्जन

पुराने जाजमऊ गंगा पुल की कानपुर जाने वाली लेन पर 13 दिसंबर तक भारी वाहनों का आवागमन बंद किया गया है। पुल के दूसरे और तीसरे स्पॉन को हाइड्रोलिक जैक की मदद से उठाकर बेयरिंग की मरम्मत और बदलाव का काम किया जा रहा है।

एनएचएआई की ओर से एप्रोच रोड की ऊपरी परत हटाकर नई परत बिछाने का काम भी कराया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि बेयरिंग बदलने के साथ पुल के जरूरी हिस्सों की मरम्मत जल्द पूरी करने का प्रयास किया जा रहा है।

शाम के समय बढ़ रहा यातायात दबाव

शाम के समय वाहनों की संख्या बढ़ने पर डायवर्जन वाले मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है। गदनखेड़ा और आजाद मार्ग चौराहे समेत कई स्थानों पर वाहनों के आवागमन में परेशानी की स्थिति बन रही है।

एनएचएआई के मैनेजर सुधीर नैथानी के अनुसार बेयरिंग बदलने और एप्रोच रोड समेत अन्य जरूरी मरम्मत कार्य जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button