आगरा एक्सप्रेसवे पर ट्रक से टकराई डीसीएम, चालक की मौत; खलासी गंभीर

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। आगरा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक सड़क हादसे में डीसीएम चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार चालक को झपकी आने के कारण डीसीएम आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
हादसे में मृतक की पहचान एटा जिले के नगला हुलासी निवासी 28 वर्षीय रजनीश यादव के रूप में हुई है। डीसीएम में फिरोजाबाद से क्रॉकरी का सामान लादकर बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन में रजनीश के साथ सकीट थाना क्षेत्र के पट गांव निवासी 29 वर्षीय चंद्रभान खलासी के रूप में मौजूद था।
तेज टक्कर से डीसीएम का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
पुलिस के मुताबिक हादसा शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि डीसीएम का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक व खलासी वाहन में फंस गए।
सूचना मिलने पर पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने रजनीश को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर हालत में चंद्रभान को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
करीब एक घंटे प्रभावित रहा यातायात
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त डीसीएम को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। कोतवाल अखिलेशचंद्र पांडेय के अनुसार शुरुआती जानकारी में हादसे की वजह चालक को आई झपकी बताई गई है।



