उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे एसपी सिटी, दंपतियों की स्वयं की काउंसलिंग

संवाददाता — सचिन पांडेय, Kisan Mail News

उन्नाव। पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र में एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव पहुंचे और पति-पत्नी के बीच चल रहे विवादों से जुड़े मामलों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने स्वयं दंपतियों से संवाद कर उनकी काउंसलिंग की तथा पारिवारिक विवादों को आपसी समझ और बातचीत के जरिए सुलझाने पर जोर दिया।

एसपी सिटी ने दंपतियों से बातचीत के दौरान आपसी समझ, विश्वास और सकारात्मक संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों को उचित परामर्श और आपसी बातचीत के माध्यम से सुलझाने का प्रयास किया जाना चाहिए, ताकि परिवार टूटने की स्थिति से बच सकें।

काउंसलिंग के दौरान आपसी सहमति से समझौता होने पर संबंधित दंपतियों को साथ विदा कराया गया। विभिन्न थानों एवं परिवार परामर्श केंद्र से जुड़े 37 मामलों में दंपतियों की विदाई कराई गई।

इस दौरान एसपी सिटी ने परिवार परामर्श केंद्र की कार्यप्रणाली और वहां संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में तैनात सलाहकारों से परिचय प्राप्त किया और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों का उत्साहवर्धन किया।

एसपी सिटी ने महिला सुरक्षा और परिवार कल्याण से जुड़ी गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पारिवारिक विवादों के मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए संवाद एवं उचित परामर्श के माध्यम से समाधान का प्रयास करने की आवश्यकता बताई।

एसपी सिटी की पहल और संवाद से परिवार परामर्श केंद्र के सलाहकारों तथा पुलिसकर्मियों में भी उत्साह देखने को मिला।

Related Articles

Back to top button