कैसरबाग पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के मामले में नामजद संदिग्ध को किया गिरफ्तार

संवाददाता इरफान कुरैशी
लखनऊ। थाना कैसरबाग पुलिस ने नाबालिग किशोरी के लापता होने के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान प्रकाश में आए नामजद संदिग्ध अभिषेक भार्गव को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, वादिनी की तहरीर के आधार पर उसकी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने और वापस नहीं लौटने के संबंध में थाना कैसरबाग में मुकदमा दर्ज किया गया था। किशोरी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। तलाश के दौरान पुलिस ने किशोरी को बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, किशोरी के बयान के आधार पर विवेचना में अभिषेक भार्गव पुत्र सम्बारी लाल भार्गव, निवासी महमूदाबाद हाउस, थाना कैसरबाग, लखनऊ का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद संबंधित मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 की बढ़ोतरी की गई और मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार मिश्रा को सौंपी गई।
नामजद संदिग्ध की तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह यूनिटी सिटी, बहादुरपुर, कल्याणपुर स्थित अपने अधिवक्ता के आवास के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, संदिग्ध को गिरफ्तार कर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।




