उत्तर प्रदेशताजा खबरलखनऊ

अब दुनिया देखेगी यूपी के तराई के जंगलों की अनकही कहानियां। ‘अनटेम्ड तराई’ परियोजना की शुरुआत, तीन वर्षों तक होगा फिल्मांकन — डॉ. राजेश्वर सिंह


लखनऊ, 8 अक्टूबर ।

उत्तर प्रदेश की तराई की समृद्ध जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल एवं ‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स’ के प्रयासों से ‘अनटेम्ड तराई’ परियोजना की शुरुआत हुई।

लखनऊ स्थित नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में उत्तर प्रदेश वन विभाग एवं पांच बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित वन्यजीव फिल्मकार, निर्देशक एवं छायाकार श्री सुब्बैया नल्ला मुथु की संस्था ‘नल्लाज़ आर्क’ व एनवायरनमेंट वॉरियर्स के श्री अम्बिका मिश्रा के बीच परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

परियोजना के तहत दुधवा राष्ट्रीय उद्यान, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य, रानीपुर टाइगर रिजर्व एवं अमानगढ़ टाइगर रिजर्व सहित तराई के प्रमुख वन क्षेत्रों में लगभग तीन वर्षों तक फिल्मांकन किया जाएगा। वन्यजीवों, जैव विविधता, प्राकृतिक आवास, वन्यजीव व्यवहार और संरक्षण प्रयासों को कैमरे में दर्ज किया जाएगा।

डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि तराई उत्तर प्रदेश की अमूल्य प्राकृतिक विरासत है। इसकी अनकही कहानियों को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के साथ युवाओं और समाज को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

‘एनवायरनमेंट वॉरियर्स’ पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। संस्था के माध्यम से युवाओं और नागरिकों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने तथा उत्तर प्रदेश की प्राकृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि  सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं विभागाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश तथा विशिष्ट अतिथि श्रीमती अनुराधा वेमुरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक, वन्यजीव, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम में सुब्बैया नल्ला मुथु,  रामेश्वर सिंह, अम्बिका मिश्रा,  निखिल शर्मा, एन. रविन्द्र, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, लेखा परीक्षा/गैर योजना, उत्तर प्रदेश, दीपक कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, सामाजिक एवं कृषि वानिकी, उत्तर प्रदेश, राम कुमार, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक, प्रोजेक्ट टाइगर, उत्तर प्रदेश, अरविन्द कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश वन निगम, सुजॉय बनर्जी, महाप्रबंधक, कार्मिक, उत्तर प्रदेश वन निगम, संजय कुमार बिश्वाल, निदेशक, नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ तथा  मुकेश कुमार कांडपाल, क्षेत्रीय वनाधिकारी, नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान, लखनऊ सहित वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

‘अनटेम्ड तराई’ के माध्यम से उत्तर प्रदेश की तराई की जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत की कहानियां देश-दुनिया तक पहुंचेंगी, जिससे संरक्षण के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button